
कहा—काशी के कण-कण में है शिव का वास, आत्मा को मिलती है अद्वितीय शांति
चौबेपुर (विरेंद्र प्रताप उपाध्याय)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को वाराणसी के ऐतिहासिक एवं पौराणिक मारकंडेय महादेव धाम, कैथी में विधिवत दर्शन-पूजन किया।
राज्यपाल का मंदिर परिसर में गोस्वामी समिति द्वारा पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया। पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई, जिसमें राज्यपाल ने गहन श्रद्धाभाव से भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, “काशी केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। यहां के कण-कण में भगवान शिव का वास है। इस पवित्र नगरी में आकर आत्मा को विशेष शांति की अनुभूति होती है।” उन्होंने मारकंडेय महादेव धाम को काशी की एक अद्वितीय धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर बताया।
पूजन उपरांत गोस्वामी समिति के पदाधिकारियों द्वारा राज्यपाल को स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। समिति अध्यक्ष बजरंगी गिरी की अगुवाई में मंत्री संतोष कुमार गिरी, लालू गिरी, मुन्ना गिरी, पप्पू गिरी, रिंकू गिरी, मारकंडे गिरी, श्यामू गिरी, राजेश गिरी, लकी गिरी, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्यों ने राज्यपाल का स्वागत किया।
पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा। राज्यपाल ने समिति के धार्मिक कार्यों और आयोजन की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और अतिथियों के स्वागत-सत्कार के साथ हुआ।