
जन्मे कन्हैया बजे बधाई गीत, मंदिरों व घरों में मची धूम
मिर्जामुराद। कान्हा के जन्म के बाद सोमवार की देर रात घरों से लेकर मंदिरों तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर बधाई गीतों से पूरा माहौल ही सराबोर हो उठा।
भक्तों ने कान्हा पर पुष्पवर्षा की। शंखनाद से मंदिर परिसर व घर गूंज उठे। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को ग्रामीण क्षेत्रों में दीपावली की तरह उत्साह से मनाया गया। ‘हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की’ जन्मे हैं कृष्ण कन्हाई गोकुल में देखो बाजे बधाई’ नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’ आदि बधाई गीतों ने माहौल को कृष्णमय कर दिया।वही मिर्जामुराद थाना परिसर में थाना प्रभारी अजय राज वर्मा के नेतृत्व में बड़े ही धूमधाम से कान्हा के जन्म पर भजन कीर्तन हुआ।
वही गौर गांव में समाजसेवी प्रेमनाथ तिवारी के आवास पर आर्यन त्रिपाठी व अपूर्वा त्रिपाठी द्वारा कृष्ण भगवान की भव्य झांकी सजाई गई।रात 12 बजते ही जयकारों और भजनों से वातावरण को आनंदित कर दिया।जन्माष्टमी के बाद आरती और प्रसाद वितरण कर लोगों ने लड्डू गोपाल से सुख और समृद्धि की कामना की।