
अतुल सुभाष सुसाइड केस में रेलवे ट्रैक पर जज सिंह अन्ना का हंगामेदार प्रदर्शन
(रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय)
जौनपुर के कटवार बाजार रेल हाल्ट पर आज जज सिंह अन्ना और मंजू विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक हंगामेदार प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन अतुल सुभाष सुसाइड केस और भ्रष्टाचार के खिलाफ था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आज न्यायालय बिक रहा है, थाने बिक रहे हैं, डीएम और एसडीएम कार्यालय भी भ्रष्टाचार की गिरफ्त में हैं। कोर्ट, कचहरी, दीवानी, और अन्य सरकारी विभाग पूरी तरह से बिक चुके हैं। यहां तक कि मरीजों से अस्पतालों में भारी रकम वसूली जा रही है, और ठेकेदार घटिया सामग्री लगा कर करोड़ों कमा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूरे भारत में भ्रष्टाचार अब एक फैशन बन चुका है, और बिचौलिये सरकार चला रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर जज सिंह अन्ना ने डेढ़ घंटे तक रेल ट्रैक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दीवानी न्यायालय में पति-पत्नी के विवादों का समाधान एक ऐप या अखबार के माध्यम से किया जाए।
अन्ना ने यह भी घोषणा की कि वह जौनपुर में 15 सदस्यीय एक टीम बनाएंगे, जिसमें 7 सदस्य रिटायर्ड सांसद और विधायक होंगे और 7 सदस्य महिलाएं, जिनमें दो किन्नर भी शामिल होंगे। इस टीम का उद्देश्य समझौते के आधार पर लगभग 70% विवादों का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दीवानी न्यायालय में पति-पत्नी के 2000 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जज सिंह अन्ना ने कहा कि वह शीघ्र ही एक बड़ा रेल-रुको आंदोलन करेंगे और जगह-जगह ट्रैफिक जाम भी करेंगे। उन्होंने लड़कियों से भी अपील की कि वे बिचौलियों और दलालों से सावधान रहें और खुद अपने पति-पत्नी विवादों का समाधान करें। उनका कहना था कि लड़कियों की शादी घर बसाने के लिए होती है, न कि घर उजाड़ने के लिए।