तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पंडापुर गांव के समीप एनएच-31 पर शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हाईवे किनारे स्थित एक बर्फ फैक्ट्री के सामने झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव और दुर्गेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी गई है। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक ने काले रंग की टी-शर्ट और अंडरवियर पहन रखा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान करने के साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शव झाड़ियों तक किन परिस्थितियों में पहुंचा। घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।




