दानगंज और पुआरी खुर्द के शिक्षण संस्थानों में की बैठक, स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से एकजुट होकर मतदान करने की अपील
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर अजगरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अजगरा के विधायक त्रिभुवन राम ने भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दानगंज स्थित बाबा डोमन देव महाविद्यालय और पुआरी खुर्द स्थित शर्मिला इंटरमीडिएट कॉलेज में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मतदाताओं से संवाद स्थापित किया।
जनसंपर्क के दौरान विधायक त्रिभुवन राम ने स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता एकजुट होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर अपना समर्थन दें।
विधायक ने चुनाव में सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को समन्वय के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बाबा डोमन देव महाविद्यालय के प्रबंधक लालबहादुर सिंह, शर्मिला इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक प्यारेलाल प्रजापति, विनोद सिंह, डीके सिंह, शिवाजी सिंह, कपिल नारायण पाण्डेय, हीरू सिंह, मोहन बाबू और वरुण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चा हुई और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने पर जोर दिया गया।




