‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष, चंदन, पारिजात समेत औषधीय पौधे रोपे गए; युवाओं से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में गुरुवार को पर्यावरणविद अनिल सिंह के नेतृत्व में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संरक्षण और नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. बीके मिश्रा, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ उद्यान अधिकारी अश्वनी कुमार देशवाल, डॉ. प्रकाश अश्वतप्पा तथा डिप्टी डायरेक्टर अरुण प्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी कैंपस में पौधरोपण किया। इस दौरान रुद्राक्ष, लाल चंदन, सफेद चंदन, पारिजात, एक्जौरा सहित विभिन्न औषधीय एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
पर्यावरणविद अनिल सिंह ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि डॉ. बीके मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अश्वनी कुमार देशवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए उद्यान विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। वहीं, अनिल सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाना प्रकृति की सच्ची सेवा है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रकाश आनंद, लाल चंद्रपाल, गंगाराम, नागेंद्र वर्मा, राजेश, साधु प्रसाद, शिवपूजन, प्रदीप यादव और रामदुलार सहित उद्यान विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।




