छात्रों ने भाषण, कविता व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति जताया आभार
रिपोर्ट : विवेक राय
सेवापुरी (वाराणसी)। आराजी लाइन विकासखंड के परमपुर, अकेलवा स्थित मार्था रूट मॉन्टेसरी स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों ने भाषण, कविताओं और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और आभार की अभिव्यक्ति की। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और जूनियर यूथ के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी, दया और जिम्मेदारी जैसे जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों के समर्पण और धैर्य की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।




