स्थापना दिवस पर महाप्रबंधक ने काटा केक, 34 हजार से अधिक खाताधारकों के भरोसे को बताया बैंक की सबसे बड़ी ताकत
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी (चोलापुर)। चोलापुर क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र दानगंज बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा ने अपने सफल संचालन के 53 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर बैंक परिसर में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक (जीएम) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ महाप्रबंधक एवं बैंक अधिकारियों द्वारा हरा वृक्ष भेंट करने के साथ किया गया। इसके बाद केक काटकर शाखा का 53वां स्थापना दिवस मनाया गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए बैंक के महाप्रबंधक ने कहा कि दानगंज शाखा ने पिछले पांच दशकों से अधिक समय में क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम जनता के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शाखा से 34 हजार से अधिक खाताधारक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का लगातार बना विश्वास बैंक की विश्वसनीयता और सेवाओं का प्रमाण है। महाप्रबंधक ने सभी ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं, कृषि ऋण, एमएसएमई ऋण और बचत योजनाओं की जानकारी दी। बैंक प्रबंधन ने भविष्य में ग्राहकों को अधिक तेज, पारदर्शी और सुलभ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही यूनियन बैंक का एटीएम स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
समारोह में पहुंचे खाताधारकों और व्यापारियों का मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रम में यूनियन बैंक के क्षेत्रीय एवं आंचलिक अधिकारी, दानगंज शाखा के प्रबंधक, बैंक कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और व्यापारी उपस्थित रहे।




