गरथौली गांव में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आया युवक गंभीर घायल, पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी (चौबेपुर)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गरथौली गांव में पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी सोनू विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित भोलानाथ ने चौबेपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के मुताबिक घटना 6 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे की है। भोलानाथ पुत्र स्व. नन्हकू, निवासी गरथौली के अनुसार, पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद को लेकर गांव के राम बचन, शिवबचन, आशुतोष पुत्र ओंकार, राधेश्याम पुत्र नंदलाल और उषा देवी पत्नी राधेश्याम ने उनके पोते रोहित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शोर सुनकर भोलानाथ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष ने एकराय होकर उनके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सोनू विश्वकर्मा बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सोनू का उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर में भोलानाथ ने आरोप लगाया है कि नामजद आरोपियों में शामिल शिवबचन प्रजापति वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं और अपने पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर दबाव बनाते हैं। पीड़ित का दावा है कि जमीन के विवाद को लेकर पहले भी उन्हें धमकाया जा चुका है और इस बार परिवार के साथ मिलकर हमला किया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव और पीड़ित परिवार में भय का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




