परिजनों से नाराज होकर घर से निकली थी किशोरी, आत्महत्या की बात कहने पर मची चिंता; सीसीटीवी और तकनीकी संसाधनों से सिगरा पुलिस ने सकुशल बरामद किया
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में परिजनों से नाराज होकर घर से निकली 13 वर्षीय बालिका को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर खोजकर सकुशल परिजनों को सौंप दिया। बालिका के यह कहकर घर से निकलने की सूचना थी कि वह आत्महत्या करने जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को बालिका के परिजनों ने बताया कि उनकी करीब 13 वर्षीय पुत्री नाराज होकर घर से निकल गई है। परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। करीब दोपहर 12 बजे मामले की सूचना प्रभारी निरीक्षक सिगरा को दी गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा ने तत्काल लल्लापुरा चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता को बालिका की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए विभिन्न स्थानों पर खोजबीन शुरू की और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद ली।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर बालिका को खोज लिया गया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकता पूरी कर उसे सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
बालिका के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और सिगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। उन्होंने कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
बालिका को सकुशल बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकान्त मिश्रा, महिला उपनिरीक्षक एवं लल्लापुरा चौकी प्रभारी प्रीति गुप्ता, उपनिरीक्षक नरायन जी यादव, आरक्षी अमित यादव, आरक्षी अंकित भारती और आरक्षी हेमन्त कुमार शामिल रहे।




