एडूलीडर्स सम्मान समारोह-2026 में शिक्षा में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर जोर, शिक्षकों को किया गया सम्मानित
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। सर्किट हाउस सभागार में ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत 2047’ विषय पर शिक्षक संगोष्ठी एवं एडूलीडर्स सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और बेहतर शैक्षिक प्रयास करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवन राम रहे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह उर्फ विरू सिंह, हरहुआ ब्लॉक प्रमुख बब्बू उपाध्याय, भारतीष जी तथा खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों, शिक्षण विधियों और शैक्षिक प्रयासों पर अपने विचार साझा किए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की आयोजक डॉ. सुमन कुमारी, सहायक अध्यापिका, प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती, चोलापुर ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों को अपने नवाचार साझा करने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को प्रेरित करने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।




