एसीपी विनय द्विवेदी के नेतृत्व में संभाली गई व्यवस्था, सादे कपड़ों में भी तैनात रहे पुलिसकर्मी
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर क्षेत्र के मेला मैदान में स्थापित दुर्गा पंडाल में दशहरे के अवसर पर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। एसीपी विनय द्विवेदी के सानिध्य में प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा और उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव ने पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मेले में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस टीम तैनात रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द के साथ मां दुर्गा के दर्शन करने तथा मेले का आनंद लेने की अपील की गई। इस अवसर पर प्रियदर्शनी पूजा समिति के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने पंडाल में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मुस्तैद रहे।




