पुलिस परिवार के साथ मनाया दशहरा, न्याय और सुरक्षा के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने का किया आह्वान
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दशहरा पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन, वाराणसी में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के साथ रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, उनके बच्चों और परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पुलिस लाइन में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। पुलिस आयुक्त ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि असत्य और अन्याय का अंत निश्चित है।
पुलिस भी इसी आदर्श को अपनाकर समाज में न्याय और सुरक्षा स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व अपराध और अन्याय के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना, अपराधियों को न्यायालय के माध्यम से दंडित कराना तथा समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
उन्होंने आपसी सौहार्द, सहयोग और पारिवारिक एकजुटता को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को दशहरा एवं आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन पुलिस परिवार के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के साथ सत्य, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का संदेश दे गया।




