नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ आयोजन की सुरक्षा और निर्विघ्न संपन्नता के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई विशेष पूजा-अर्चना
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। भारतीय वायु सेना के आगामी भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ की सफलता और सुरक्षित आयोजन की कामना को लेकर बुधवार को नमामि गंगे की टीम ने मां गंगा की विशेष आरती उतारी। महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर आयोजन के निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की गई। इस दौरान बाबा विश्वनाथ से भी कार्यक्रम की सफलता और सुरक्षा के लिए आशीर्वाद मांगा गया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और स्वस्तिवाचन का पाठ किया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाला ‘वायु सेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026’ काशी के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। गंगा की लहरों के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, आसमान में सटीक उड़ान और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब इस आयोजन को विशेष बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि एयर शो की थीम ‘विंग्स ओवर गंगा’ रखी गई है। इसका उद्देश्य भारतीय वायु सेना की आधुनिक विमानन क्षमता, तकनीकी दक्षता और अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करना है। साथ ही यह आयोजन युवाओं को वायु सेना में शामिल होकर देशसेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
एयर शो में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने शानदार हवाई करतब दिखाएंगी। राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और एलसीएच प्रचंड जैसे लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है। इसके अलावा आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 सहित अन्य विमानों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी अपनी संचालन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
सूर्य किरण टीम विमानों के बीच सटीक तालमेल और समूह उड़ान का प्रदर्शन करेगी, जबकि सारंग टीम हेलीकॉप्टरों के माध्यम से अपने उत्कृष्ट उड़ान कौशल का परिचय देगी। विभिन्न सैन्य बलों की भागीदारी से संयुक्त संचालन क्षमता की झलक भी देखने को मिलेगी।
नमामि गंगे की टीम ने मां गंगा की आरती के माध्यम से आयोजन की सफलता, सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा और कार्यक्रम के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। यह पहल काशी की आध्यात्मिक परंपरा और देश की सैन्य शक्ति के प्रति सम्मान को एक साथ अभिव्यक्त करती है।




