रामपुर चंद्रावती गांव में घटना से मचा कोहराम, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के रामपुर चंद्रावती गांव में बुधवार सुबह शिवचरण विश्वकर्मा उर्फ सुनील (32) का शव कमरे में पंखे के हुक से लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सुनील मंगलवार रात मेला घूमकर घर लौटा था। रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला।
मृतक शिवपुर स्थित एक मिठाई की दुकान पर हेल्पर का काम करता था। वह करीब दस दिन पहले ही घर आया था। उसकी मौत से पिता लालजी विश्वकर्मा, मां आशा देवी और पत्नी रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन वर्षीय बेटी डिम्पल के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, चिरईगांव चौकी प्रभारी पवन राय और उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।




