दो आरोपी अब भी फरार, मेडिकल के बाद पुलिस ने तेज की छापेमारी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र में गंगा किनारे 19 वर्षीय युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपियों की तलाश में चार विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दो नामजद आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कबीरचौरा अस्पताल में कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी नीतू कात्यायन ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर पुलिस टीम तेजी से काम कर रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द किए जाने की उम्मीद है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।




