जयप्रकाश महाविद्यालय उमरहाँ में एनएसएस के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, युवाओं ने लगाए जागरूकता के नारे
रिपोर्ट : विवेक राय
SHREE 7NEWS, चौबेपुर (वाराणसी)। उमरहाँ स्थित जयप्रकाश महाविद्यालय में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय साइकिल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से संबद्ध इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूक करना था।
रैली का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीना मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल एक सस्ता और सरल यातायात साधन है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी बेहद लाभकारी है। साइकिल के अधिक उपयोग से प्रदूषण कम होता है और शरीर स्वस्थ रहता है।
साइकिल रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर पंचायत एवं आसपास के विभिन्न गांवों के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः कॉलेज परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने “साइकिल चलाओ, स्वास्थ्य बनाओ”, “ईंधन बचाओ, साइकिल अपनाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश और जागरूकता संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
रैली के समापन पर कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीना मौर्य ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, प्राचार्य डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव तथा महाविद्यालय के सभी प्रवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी दूरी की यात्राओं के लिए अधिक से अधिक साइकिल का प्रयोग करें और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत और सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




