सई नदी पुल के पास कार्रवाई, बिहार के दोनों आरोपी यूपी के कई जिलों में करते थे मादक पदार्थ की सप्लाई
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। जौनपुर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुजानगंज थाना पुलिस ने सई नदी पुल के पास से दो अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 199 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के निवासी हैं और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हेरोइन की आपूर्ति करने के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य सहयोगियों और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो पर्स, दो आधार कार्ड तथा 1,050 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की गहन जांच जारी है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।




