तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेषज्ञों ने दिए स्मार्ट क्लास और डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के गुर
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शासन के निर्देश पर पीएम श्री विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में हुआ, जिसमें केडीएस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एवं आईड्रीम एजुकेशन का सहयोग रहा।
प्रशिक्षण में जनपद के सात पीएम श्री विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों ने भाग लिया। आईड्रीम एजुकेशन के विशेषज्ञों ने डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन, स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल सामग्री के उपयोग तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विषयवार वीडियो, डिजिटल अध्ययन सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण के प्रभावी प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल संसाधनों के उपयोग से विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ने के साथ उनकी सीखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है। प्रशिक्षण के अंत में शिक्षकों ने अपने विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक (एमआईएस), जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।






