नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात, छात्रों को बाहर निकलने से रोका गया
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे आंदोलन के समर्थन में बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने प्रदर्शन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शन की पूर्व घोषणा को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस सुबह से ही सतर्क रही। एडीसीपी वैभव बांगड़ के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस तथा एक कंपनी पीएसी को विश्वविद्यालय परिसर में तैनात किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया, ताकि प्रदर्शन परिसर से बाहर न फैल सके।
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य गेट और बाउंड्रीवाल पर चढ़ गए तथा नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने समझाइश देकर सभी छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा और स्थिति को नियंत्रण में रखा।
एडीसीपी वैभव बांगड़ ने बताया कि छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अनुमति दी गई थी। कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए किसी भी छात्र को परिसर से बाहर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।




