समाजसेवा, कृषि और सामाजिक सौहार्द के लिए रहे समर्पित, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्ट विवेक राय
चोलापुर/गाजीपुर। वाराणसी जनपद के चोलापुर क्षेत्र स्थित भदवा गांव के मूल निवासी तथा गाजीपुर जनपद के कन्हईपुर गांव को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले वरिष्ठ समाजसेवी पंडित देवनाथ चौबे का शनिवार दोपहर लगभग 1:30 बजे 105 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही वाराणसी और गाजीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
एक शताब्दी से अधिक का प्रेरणादायी जीवन जीने वाले पंडित देवनाथ चौबे समाज में अपनी सादगी, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के लिए विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाजसेवा, कृषि विकास और अपनी जन्मभूमि तथा कर्मभूमि के सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव, व्यवहार और मार्गदर्शन का लाभ क्षेत्र के अनेक लोगों को मिला।
निधन की सूचना मिलते ही भदवा, कन्हईपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
परिजनों के अनुसार, पंडित देवनाथ चौबे जीवन के अंतिम समय तक परिवार और समाज को नैतिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और सदाचार का संदेश देते रहे। उनके निधन को परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोग एक युग के अवसान के रूप में देख रहे हैं।
क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। शत-शत नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि।




