गोरेलाल पांडेय की तहरीर पर कार्रवाई, विभिन्न धाराओं में जांच शुरू; पुलिस ने आरोपों की पड़ताल तेज की
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही। भाजपा नेता एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय उर्फ गोरेलाल पर कथित हमले के मामले में ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर कई नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 25 जुलाई को सुबह लगभग 11:45 बजे विनय कुमार पांडेय अपने साथियों के साथ भाजपा कार्यालय जा रहे थे। आरोप है कि केएनपीजी कॉलेज और पाल तिराहा के बीच कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली तथा गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर ज्ञानपुर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 191(2), 115(2), 352, 351(3) एवं 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एफआईआर में विमल मिश्रा उर्फ ‘भदोही वाले मिश्रा जी’, शुभम यादव, विकास यादव, चांद बाबू, सीएल यादव, रिजवान अली, रोहन यादव, धीरज दुबे, लकी सोनकर सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला विवेचना के अधीन है।







