सरकारी भूमि से 150 घनमीटर मिट्टी खनन का मामला, पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के रामपुर ढाब गांव में राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि से कथित अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने के मामले में चौबेपुर पुलिस और खनन विभाग ने कार्रवाई की है। मामले में खान निरीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अवैध खनन की शिकायत के बाद खनन एवं राजस्व विभाग की टीम ने लेखपाल के साथ मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान आराजी संख्या 189, जो राजस्व अभिलेखों में ‘रेगिस्तान’ के नाम से दर्ज भूमि बताई गई है, वहां मिट्टी खनन किए जाने की बात सामने आई। जांच में करीब 150 घनमीटर सरकारी मिट्टी के अवैध खनन का उल्लेख किया गया है।
खनन विभाग की ओर से दी गई तहरीर में खनन की गई सरकारी मिट्टी को चोरी के माध्यम से बेचने का आरोप भी लगाया गया है। मामले को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 4/21 तथा उपखनिज परिहार नियमावली की धारा 3/58/72 का उल्लंघन बताया गया है।
इस मामले में ग्राम सभा रामचंदीपुर निवासी सुजीत यादव, आदित्य निषाद उर्फ साहब, कपिलदेव यादव, धनंजय यादव तथा रमेश उर्फ प्रकाश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने खनन निरीक्षक की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पिछले एक माह के दौरान अवैध खनन के खिलाफ कई कार्रवाई की गई हैं। पुलिस ने कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप है।




