अभ्युदय सेवा समिति व ट्रायेस क्लासेस ने चलाया जागरूकता अभियान, दोपहिया चालकों को वितरित किए निःशुल्क हेलमेट
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
फूलपुर (वाराणसी)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अभ्युदय सेवा समिति एवं ट्रायेस क्लासेस के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिंड्रा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने का सुरक्षा कवच है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने की लापरवाही कभी भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से निकलते समय हेलमेट जरूर पहनें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने या जान गंवाने का असर पूरे परिवार पर पड़ता है। ऐसे में वाहन चलाते समय थोड़ी-सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है। उन्होंने हेलमेट वितरण जैसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना है। हेलमेट वितरण के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में अनुराग सिंह, सुजीत सिंटू पाण्डेय, अमिताभ दूबे, संतोष सिंह, अनुपम, सुनील पाल, विशाल सिंह, रजत पांडेय और प्रवीण दुबे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।




