चार्टर नाइट में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ, नए सदस्यों को दिलाई गई विधिवत दीक्षा
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। मुड़ैला स्थित एक बैंक्वेट हॉल में लायंस क्लब काशी का अधिष्ठापन एवं चार्टर नाइट समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों ने सेवा, समर्पण तथा सामाजिक सरोकारों को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
समारोह का उद्घाटन पूर्व मंडलाध्यक्ष P.M.J.F. लायन मुकुंद लाल टंडन ने किया। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि M.J.F. लायन उदय चंदानी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, अधिष्ठापन अधिकारी M.J.F. लायन दीपक अग्रवाल, पूर्व मंडलाध्यक्ष एवं दीक्षा अधिकारी M.J.F. लायन उमेश चंद्र कक्कड़, V.D.G.-I, विशिष्ट अतिथि लायन बाबूलाल वर्मा, V.D.G.-II, पूर्व मंडलाध्यक्ष एवं क्लब संरक्षक लायन जे.एन. श्रीवास्तव तथा M.J.F. लायन अनिल वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि लायन उदय चंदानी ने लायंस क्लब काशी की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब “We Serve” के मूल मंत्र को पूरी निष्ठा के साथ सार्थक कर रहा है। उन्होंने जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए क्लब की ओर से किए जा रहे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
अधिष्ठापन अधिकारी लायन दीपक अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन प्रमोद सिंह, सचिव लायन पीयूष वर्मा एवं कोषाध्यक्ष लायन सतीश वर्मा सहित क्लब के विभिन्न पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाकर उनका अधिष्ठापन कराया। वहीं, दीक्षा अधिकारी लायन उमेश चंद्र कक्कड़ ने नए सदस्यों को विधिवत दीक्षा दिलाकर उन्हें लायंस क्लब काशी के सेवा परिवार में शामिल किया। नए सदस्यों के जुड़ने से क्लब की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को और विस्तार मिलने की उम्मीद जताई गई।
समारोह के दौरान अतिथियों एवं क्लब पदाधिकारियों ने समाजहित में सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन लायन अनिल वर्मा एवं लायन अलंकार कुशवाहा ने किया। समारोह के समापन पर लायन लेडी प्रियंका मिश्रा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।




