नाबार्ड, जिला सहकारी बैंक एवं 91.2 FM Hello Banaras की संयुक्त पहल; वित्तीय साक्षरता और डिजिटल बैंकिंग के लिए किया जागरूक
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। नाबार्ड (NABARD), जिला सहकारी बैंक लिमिटेड वाराणसी और 91.2 FM Hello Banaras के संयुक्त सहयोग से राजातालाब-मिर्जामुराद क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में मंगलवार को FIDGI कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य ग्रामीण किसानों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक करने के साथ किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और e-KCC जैसी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में सचिव विभूतिनारायण श्रीवास्तव ने किसानों को KCC एवं e-KCC की उपयोगिता, आवेदन प्रक्रिया, बैंकिंग सुविधाओं तथा कृषि आवश्यकताओं के लिए संस्थागत ऋण की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसानों को डिजिटल बैंकिंग और आधुनिक वित्तीय सेवाओं को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
कैंप के दौरान किसानों से संवाद कर उनकी बैंकिंग एवं ऋण से जुड़ी समस्याओं और जिज्ञासाओं को जाना गया तथा उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं की पहुंच और डिजिटल वित्तीय साधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान में 91.2 FM Hello Banaras की टीम, सचिव विभूतिनारायण श्रीवास्तव एवं बीपैक्स कर्मियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। Hello Banaras की टीम ने ग्रामीण समुदाय तक वित्तीय जागरूकता से जुड़े संदेश सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने तथा किसानों को कार्यक्रम से जोड़ने में भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में डायरेक्टर प्रताप नारायण राय, आरजे सुधांशु, आरजे अमीषा, साउंड इंजीनियर अनामिका गुप्ता, सोशल मीडिया मैनेजर सृष्टि पांडेय एवं इंटर्न इशिता श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
किसानों ने KCC एवं e-KCC से संबंधित जानकारी को उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। किसानों का कहना था कि बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं की सही जानकारी मिलने से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने में काफी सहायता मिलती है।
नाबार्ड, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड वाराणसी और 91.2 FM Hello Banaras की यह संयुक्त पहल किसानों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने तथा उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही।




