वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश, ड्रोन-कैमरों व सीसीटीवी से होगी निगरानी
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के वाराणसी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी वाराणसी सत्येन्द्र कुमार ने वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रूफटॉप ड्यूटी के माध्यम से भी आसपास के क्षेत्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों और सूचनाओं पर भी लगातार नजर रखने को कहा गया।
वीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर शहर के होटल, ढाबे और अन्य ठहरने वाले स्थानों की चेकिंग कराई गई। वहां ठहरे लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आधार कार्ड सहित अन्य वैध पहचान पत्रों का सत्यापन कराया गया। पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप मजबूत बैरिकेडिंग कराई गई है। बिना चेकिंग और फ्रिस्किंग किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए। सभी प्रवेश द्वारों पर DFMD और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पृथक इनक्लोजर की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और आमजन के आवागमन को यथासंभव सुगम बनाए रखने की व्यवस्था की गई है। वीआईपी रूट पर पड़ने वाली गलियों, कट और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त रस्से एवं लाउड-हेलर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में स्पष्ट रूप से ब्रीफ करें। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने तथा सतर्कता, सजगता और प्रभावी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने पर जोर दिया।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव सहित कमिश्नरेट वाराणसी एवं बाह्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




