कैंट में प्रदेश उपाध्यक्ष का पत्रकारों ने किया जोरदार अभिनंदन, संगठन की मजबूती और पत्रकारों की एकजुटता पर हुई चर्चा
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। ग्रामीण पत्रकारिता को सशक्त बनाने और पत्रकारों की एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी के वाराणसी आगमन पर कैंट में पत्रकारों ने उनका भव्य स्वागत किया। पत्रकारों ने अंगवस्त्रम भेंट करने के साथ फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के दौरान पत्रकारिता की मौजूदा चुनौतियों, ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारों की भूमिका तथा संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि गांव और कस्बों से जुड़ी जनसमस्याओं को प्रमुखता से सामने लाने में ग्रामीण पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सीमित संसाधनों और विभिन्न कठिन परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण पत्रकार जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती समय की आवश्यकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश द्विवेदी ने स्वागत के लिए सभी पत्रकार साथियों का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, निर्भीकता और जिम्मेदारी के साथ जनहित के मुद्दों को उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गांव-कस्बों की समस्याओं और आमजन की आवाज को मजबूती से सामने लाना पत्रकारों का प्रमुख दायित्व है। संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री नागेश्वर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गजेन्द्र सिंह, पूर्व तहसील अध्यक्ष विजय शंकर चौबे, देवेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। स्वागत समारोह के दौरान संगठन की एकजुटता और ग्रामीण पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।




