रुस्तमपुर के मिश्रा मोहल्ले में घटना से मचा हड़कंप, परिजनों ने गांव के ही व्यक्ति पर लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट : विवेक राय
चौबेपुर (वाराणसी)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के मिश्रा मोहल्ले में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर 55 वर्षीय आजाद मिश्रा की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों के अनुसार आजाद मिश्रा बिहार में काम करते थे और करीब चार दिन पहले ही घर लौटे थे। उनकी पत्नी मधु मिश्रा, उम्र करीब 50 वर्ष, ने बताया कि दंपती की कोई संतान नहीं है।
परिजनों ने गांव के ही नागेंद्र मिश्रा, उम्र करीब 40 वर्ष, पर मारपीट कर आजाद मिश्रा की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और आरोपी पक्ष द्वारा आए दिन विवाद किए जाने की शिकायत भी की जाती रही थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि नागेंद्र मिश्रा के खिलाफ पूर्व में चिरईगांव पुलिस चौकी में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि यदि पूर्व की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती तो घटना को टाला जा सकता था। परिजनों ने पुलिस चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों की सुनवाई और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस घटना के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों द्वारा पूर्व में दी गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




