छह माह में वाराणसी नगर के सभी वार्डों में कार्य पूरा करने के निर्देश, ग्रामीण जल जीवन मिशन की योजनाओं के लिए तय की समयसीमा
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, पेयजल एवं सीवरेज परियोजनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) मासूम अली सरवर, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) योगेश कुमार, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वाराणसी नगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न पेयजल, सीवरेज एवं नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने वाराणसी नगर के सभी वार्डों में चल रहे कार्यों को आगामी छह माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में कार्य की गति बढ़ाने के लिए कम से कम 90 से 100 मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक पूर्णता वाली योजनाओं को दिसंबर 2026, 50 प्रतिशत से अधिक पूर्णता वाली योजनाओं को जनवरी 2027 तथा 50 प्रतिशत पूर्णता वाली योजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
शेष योजनाओं में भी कार्य की गति बढ़ाते हुए प्राथमिकता के आधार पर उन्हें जल्द पूर्ण कराने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि बरसात समाप्त होने के तत्काल बाद अक्टूबर माह में कार्ययोजना तैयार कर सभी लंबित रोड रेस्टोरेशन कार्यों को दो माह के भीतर पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का तत्काल निराकरण करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।




