नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई, यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमित अभियान के निर्देश
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति, अतिक्रमण तथा सड़क किनारे अनियमित रूप से खड़े वाहनों का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं यातायात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी प्रभावी कार्रवाई हो।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार एक सतत प्रक्रिया है। अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी स्थान पर यातायात संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करें और यातायात सामान्य कराएं, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




