ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने, कीमती साड़ियां और नकदी ले उड़े चोर, पुलिस ने शुरू की जांच
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के झांझूपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण, कीमती साड़ियां और नकदी समेत करीब 2.25 लाख रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झांझूपुर निवासी मुरारी तिवारी के पुत्र दीनदयाल तिवारी अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में रहकर व्यापार करते हैं। परिवार के बाहर रहने के कारण मकान लंबे समय से खाली पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी से सोने की एक सिकड़ी, एक जोड़ी झुमके, तीन अंगूठियां, चांदी की करधनी, पायल, बिछिया, कीमती साड़ियां तथा 12,500 रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह मकान की सफाई करने पहुंचे मुरारी तिवारी को ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।




