मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त, एक युवक घायल; नवरात्र की भीड़ में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। स्थानीय कस्बे के चौबेपुर चौराहे पर शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे एक बेकाबू थार ने जमकर तबाही मचाई। सड़क किनारे खड़ी रमेश सोनकर की मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद थार लाई-चूड़ा, गट्टा और खाजा बेचने वाली दो दुकानों में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, दुकानों में रखा सामान बिखर गया और वहां रखी दो चौकियां टूट गईं। हादसे में हजारों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।
दुर्घटना के दौरान पास में खड़े कैलाश सोनकर के पुत्र पंकज सोनकर घायल हो गए, जिन्हें कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं, कुणाल जायसवाल की दुकान पर बैठीं उनकी मां बिंदु देवी बाल-बाल बच गईं। हादसे की चपेट में आई दूसरी दुकान बबलू जायसवाल की बताई गई है। नवरात्र के चलते चौराहे पर पहले से ही काफी भीड़भाड़ थी।
ऐसे में अचानक बेकाबू थार के दुकानों में घुसने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और थार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हादसे के बाद चौराहे पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।




