पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें कीं बरामद, बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे आरोपी
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। रामनगर पुलिस ने रामलीला मेले के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने 19 अक्टूबर 2026 को ढुंढिराज पुलिया के पास मैदान में चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र निवासी पंकज पासवान (26) और वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित भोजूबीर सब्जी मंडी निवासी सलमान अहमद (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से जा रहे थे। पूछताछ में वाहन चोरी का होने की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 14 अक्टूबर को रामलीला मैदान से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आसपास के क्षेत्रों में रेकी कर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार ले जाकर बेचने के लिए इकट्ठा कर रहे थे। अधिक वाहन जुटाने के बाद उन्हें पिकअप या मैजिक वाहन से ढककर ले जाने की योजना थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




