62 मोतियाबिंद मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट और वाराणसी के प्रतिष्ठित आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को भन्दहां कला स्थित आशा ट्रस्ट के कैथी केंद्र पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 154 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसमें से 62 मरीजों को मोतियाबिंद से पीड़ित पाए जाने पर निःशुल्क ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण एवं चश्मा उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया।
चयनित मरीजों का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण अस्पताल में कराने के बाद गुरुवार को ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन के पश्चात सभी मरीजों को शुक्रवार को अस्पताल की बस द्वारा सुरक्षित रूप से आशा ट्रस्ट केंद्र पर वापस पहुंचाया जाएगा।
शिविर में आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की सामुदायिक आउटरीच टीम के राजा सिंह, फूल, रेनू सिंह, संजना और हिमांशी ने नेत्र परीक्षण किया।
आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने बताया कि जिला अंधता निवारण समिति, आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल और आशा ट्रस्ट के सहयोग से ऐसे नेत्र परीक्षण शिविर प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद लोगों को मोतियाबिंद जैसी बीमारी से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि अगला शिविर 28 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन में प्रदीप सिंह, सनी, राजकुमार पटेल, रमेश प्रसाद, अमित कुमार, सार्थक, रवि किशन, नेहा, सनम, ज्योति, सारिका सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




