सारनाथ और कादीपुर रेलवे स्टेशन के बीच तरया गांव के पास हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। सारनाथ और कादीपुर रेलवे स्टेशन के बीच तरया गांव के पास बृहस्पतिवार को ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वाराणसी सिटी की आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। सहायक उपनिरीक्षक विनय कुमार पाठक ने मृतक की पहचान अजय कुमार (30), पुत्र राम लखन, निवासी नरपतपुर, चौबेपुर के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पिता राम लखन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। गाड़ी संख्या 14111 बापूधाम एक्सप्रेस सुबह 10:55 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक, गाड़ी संख्या 15008 कृषक एक्सप्रेस दोपहर 12:00 बजे से 12:48 बजे तक तथा गाड़ी संख्या 65121 ईएमयू दोपहर 12:48 बजे से 12:59 बजे तक कादीपुर स्टेशन पर विलंबित रही। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




