बैंकिंग सेवाओं, रुपये की जमा-निकासी और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए गए तरीके
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती के बच्चों ने इंडियन बैंक की चौबेपुर शाखा का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को बैंक की कार्यप्रणाली, रुपये जमा करने एवं निकालने, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यालय की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार बच्चों को बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह भ्रमण आयोजित किया गया। बैंक पहुंचने पर शाखा प्रबंधक नीलम कुमारी ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें बैंकिंग कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बैंक में रुपये जमा करने, निकालने और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी की जाती है। साथ ही, ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने, गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी समझाया। शाखा प्रबंधक नीलम कुमारी ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर कन्याओं का बैंक में आगमन उनके लिए सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग बालिकाओं को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। शिक्षित और स्वावलंबी बेटियां देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी तथा भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगी। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक ने बच्चों को उपहार भी भेंट किए। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं रेखा दुबे और डॉ. सुमन कुमारी, बैंक कर्मचारी अमित सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




