जिला स्तरीय पोल खेल में गोल्ड मेडल के साथ प्रथम स्थान हासिल करने पर विद्यालय ने माफ किया पूरा शिक्षण शुल्क, प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की
रिपोर्ट: विवेक राय
वाराणसी। इंटरमीडिएट कॉलेज बिरापट्टी में मिशन नारी शक्ति के अंतर्गत छात्रा कुमारी विशाखा को एक दिन के लिए प्रधानाचार्या बनाया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति का जायजा लिया। साथ ही सभी को अनुशासन, स्वच्छता और समयबद्धता का महत्व समझाते हुए विद्यार्थियों को पूरी ईमानदारी और मेहनत से परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। विशाखा ने जिला स्तरीय पोल खेल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
उनकी इस उपलब्धि से उत्साहित होकर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राघवेन्द्र सिंह एवं प्रबंधक श्री भोला सिंह ने आगे की पढ़ाई के लिए उनका संपूर्ण शिक्षण शुल्क माफ करने की घोषणा की। इसके साथ ही छात्रा का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से प्रधानाचार्य डॉ. राघवेन्द्र सिंह और प्रबंधक भोला सिंह ने उन्हें ₹2100 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी यदि कोई छात्र या छात्रा इस प्रकार की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करता है, तो विद्यालय परिवार उसकी शिक्षा और प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। प्रबंधक भोला सिंह ने छात्रा को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विशाखा ने कहा कि नारी शक्ति केवल एक नारा नहीं, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले, तो वे शिक्षा, खेल, प्रशासन और समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकती हैं। मिशन नारी शक्ति जैसी पहल छात्राओं में आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री रघुनाथ, खेल अध्यापिका पूजा राय तथा अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।




