तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन; टेंट निर्माण, बिना बर्तनों के भोजन बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौबेपुर, विकास खंड चोलापुर में 12 से 14 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय भारत स्काउट एवं गाइड शिविर का शनिवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर आयोजित शिविर में कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
ब्लॉक स्काउट मास्टर विनोद कुमार एवं सहयोगी डॉ. सुमन कुमारी ने बच्चों को स्काउट-गाइड के इतिहास, प्रतिज्ञा, नियम, प्रतीक चिह्न, अभिवादन, राष्ट्रीय ध्वज, वर्दी, अनुशासन, टोली निर्माण, रस्सी कार्य, सेवा भावना और संचार के तौर-तरीकों की जानकारी दी। साथ ही रात्रि शिविर, टेंट निर्माण और बिना बर्तनों के भोजन तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने स्वयं टेंट बनाकर और बिना बर्तनों के भोजन तैयार कर सीखे गए कौशल का प्रदर्शन किया। उन्हें सीमित संसाधनों में व्यवस्था करने, आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने, आत्मनिर्भर बनने और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
मुख्य अतिथि प्रधानाध्यापक योगेंद्र प्रताप ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और आत्मनिर्भरता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में शिक्षकों शहनाज बानो, इकबाल कौल, अकुंठ सिंह, गुलाब प्रसाद, बलवंत कुमार गौरव एवं कृष्ण बहादुर सिंह सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।




