तीन दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण में प्राथमिक चिकित्सा, टेंट निर्माण, गांठ बांधने और अनुशासन का दिया गया व्यावहारिक ज्ञान
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। कंपोजिट विद्यालय चौबेपुर में आयोजित स्काउट-गाइड के तीन दिवसीय प्रवेश एवं प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को स्काउट-गाइड के आदर्शों, नियमों और प्रतिज्ञा से परिचित कराने के साथ ही दैनिक जीवन में काम आने वाले विभिन्न व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा।
प्रदेश मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार, जिला मुख्यायुक्त भोलेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला उपाध्यक्ष स्काउट-गाइड एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया। जिला संस्था स्काउट-गाइड वाराणसी, खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज तथा जिला स्काउट मास्टर अनिल कुमार तिवारी के निर्देशन में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
ब्लॉक स्काउट मास्टर विनोद कुमार एवं सहयोगी डॉ. सुमन कुमारी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें झंडारोहण, प्राथमिक चिकित्सा, टेंट निर्माण, आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी गांठें बांधने, सुरक्षा उपायों तथा संचार के साधनों की जानकारी प्रमुख रही।
इसके अतिरिक्त बच्चों को बीपी-6 योगाभ्यास, शारीरिक व्यायाम, सूर्य नमस्कार, झंडा गान, प्रार्थना एवं प्रेरणादायक गीतों का अभ्यास कराया गया। डॉ. सुमन कुमारी ने हाथ की उंगलियों के महत्व को समझाते हुए स्काउट-गाइड की प्रतिज्ञा और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जिला स्काउट मास्टर अनिल कुमार तिवारी ने शिविर का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण केवल शारीरिक और व्यवहारिक कौशल विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों को अनुशासित, जिम्मेदार, सेवाभावी और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक योगेंद्र प्रताप के साथ सहायक अध्यापक अकुंठ सिंह, गुलाब प्रसाद, बलवंत कुमार, गौरव, नोडल शिक्षिका शहनाज बानो एवं इकबाल कौल ने शिविर के सफल आयोजन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।
जिला स्काउट-गाइड संस्था की ओर से जिले के प्रत्येक ब्लॉक के चयनित एवं पंजीकृत विद्यालयों में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन, खंड शिक्षा अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा जिला स्काउट मास्टर अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में प्रभाकर द्विवेदी, परमा विश्वास, अनुराधा भार्गव, सत्येंद्र कुमार, संजय सोनी, सुनीता दीक्षित, शशिभूषण त्रिपाठी, राजेश कुमार, रत्नेश पांडेय, रमेश सिंह, क्षितिज दीक्षित, अंकिता श्रीवास्तव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, नितिशा पांडेय एवं अरविंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




