नमो, राजघाट और भैंसासुर घाट का किया निरीक्षण, सफाई व जलभराव की समस्या तत्काल दूर करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की स्वच्छता को लेकर नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार सुबह नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने अधिकारियों के साथ नमो घाट, राजघाट और भैंसासुर घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर जलभराव और गंदगी की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि सभी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कराई जाए। कूड़े का तत्काल उठान एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के समापन तक घाटों की लगातार निगरानी की जाए और व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता कमल सिंह सहित जोनल स्वच्छता अधिकारी एवं अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।




