ढलते सूर्य को नमन कर मांगी सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना, राजेश शुक्ला बोले—उदय और अस्त, दोनों स्वरूपों में सूर्य का सम्मान हमारी संस्कृति की विशेषता
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी के अति प्राचीन मणिकर्णिका घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर नमामि गंगे की ओर से विशेष आरती एवं पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्ताचलगामी सूर्य और छठी मैया की आरती उतारकर भारतीय जनमानस के सुखमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, संतान की दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य की अंतिम किरणों के बीच दीपों की रोशनी और आरती की गूंज ने घाट के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर सूर्यदेव के साथ उनकी शक्तिस्वरूपा देवी प्रत्यूषा की आराधना भी की गई। आयोजन का उद्देश्य छठ महापर्व की धार्मिक मान्यताओं के साथ प्रकृति के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सौहार्द की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व में अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। यह हमें सिखाती है कि जीवन में उदय और अस्त, दोनों का समान महत्व है। जिस प्रकार उगते सूर्य का अभिनंदन किया जाता है, उसी श्रद्धा से ढलते सूर्य के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की जाती है।
उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और पारिवारिक समर्पण का अनुपम पर्व है। व्रतियों की अटूट आस्था और साधना समाज को सकारात्मकता, संयम और सेवा की प्रेरणा देती है। सूर्य का अस्त होना अंत नहीं, बल्कि अगली सुबह नई ऊर्जा और नई संभावनाओं के आगमन का संदेश है।
आरती एवं पूजन कार्यक्रम में राजेश शुक्ला, पूनम शुक्ला, सूर्यांशु शुक्ला, रीता शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से सूर्यदेव और छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए लोककल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।




