तेजसिंहपुर गौशाला के निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कठोर कार्रवाई
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही। उत्तर प्रदेश गौसेवा आयोग के माननीय सदस्य एवं राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) श्री रमाकांत उपाध्याय ने रविवार को जनपद भदोही का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्था सुधारने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया।
जनपद आगमन से पूर्व उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद गोपीगंज पहुंचने पर श्री रतनलाल अग्रहरि के आवास पर गौ-रक्षकों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद श्री उपाध्याय मक्खनपुर रोही पहुंचे, जहां श्री देवव्रत दुबे के यहां प्रस्तावित गौशाला के निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौसेवा एवं गो-संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
दौरे के अगले चरण में सुरियावां स्थित अटल चौराहे पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया। यहां उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात राज्य मंत्री अभिया क्षेत्र के तेजसिंहपुर स्थित गौशाला पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौवंशों की देखरेख, गौशाला की व्यवस्था एवं संचालन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ), सहायक मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित पशु चिकित्सक तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि सुनील उपाध्याय अपने सहयोगियों के साथ 26 जनवरी को गौशाला में गौवंशों को लड्डू खिलाने पहुंचे थे। उस दौरान वहां की वास्तविक स्थिति सामने आई थी। तभी राज्य मंत्री ने गौशाला का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था। रविवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने के बाद उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर गौशाला की व्यवस्थाओं में आमूलचूल सुधार किया जाए। साथ ही गौशाला के संचालन एवं हस्तांतरण से संबंधित अनियमितताओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गौवंशों की उचित देखभाल, बेहतर प्रबंधन और शासन की मंशा के अनुरूप गौशाला संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जनपद भदोही के सुनील उपाध्याय, राज मिश्रा जिला प्रमुख (भा.कि.संघ), रमाशंकर उपाध्याय, कमलेश उपाध्याय प्रबंधक (पा.बा.इ.कॉलेज), अवधेश दुबे, जगदीश दुबे, गौसेवक सुशील मिश्रा, संजय राय, हिमांचल उपाध्याय, जटाशंकर दुबे सी.एल. बिंद (प्रधान, तेजसिंहपुर), रामधनि यादव, संजय पाठक, रेनू पांडेय प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, नीलम दुबे जिला मंत्री (म.प्र.भाजपा), नीरज उपाध्याय कावल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, गौ-रक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




