शासन के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में बदली वाराणसी मंडल की कमान, पांडियन अब संभालेंगे मंडल की विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के व्यापक तबादले के तहत वाराणसी मंडल में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। के. विजयेन्द्र पांडियन को वाराणसी का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
के. विजयेन्द्र पांडियन इससे पहले कानपुर मंडल के मंडलायुक्त के पद पर तैनात थे। उनके पास आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त दायित्व भी था। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड, स्टेट स्पिनिंग कंपनी लिमिटेड और स्टेट यार्न कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
वहीं, एस. राजलिंगम अब तक वाराणसी मंडलायुक्त के पद पर कार्यरत थे। शासन ने उनका तबादला करते हुए उन्हें कानपुर मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया है। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब के. विजयेन्द्र पांडियन के नेतृत्व में वाराणसी मंडल की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास योजनाओं को गति देने की जिम्मेदारी होगी।




