पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच हुआ अभिनंदन, अतिथियों ने बाबा का दर्शन-पूजन कर जाना धाम का महत्व
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। काशी तमिल संगमम् 5.0 के प्रथम समूह ने 28 नवंबर 2026 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से धाम पहुंचने पर सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच उनका भव्य अभिनंदन हुआ।
स्वागत के बाद समूह के सदस्यों ने विधि-विधान से बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दर्शन के उपरांत मंदिर प्रशासन ने अतिथियों को अंगवस्त्रम और रुद्राक्ष की माला भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्हें श्री काशी विश्वनाथ धाम के विस्तृत परिसर का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान अतिथियों को धाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व, स्थापत्य कला, आधुनिक सुविधाओं और इसके निरंतर विकसित होते स्वरूप की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अतिथियों ने काशी की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।
काशी तमिल संगमम् के प्रथम समूह का यह दौरा काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह आयोजन दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत और सांस्कृतिक एकात्मता का प्रतीक बना।




