शास्त्री घाट पर एक दिवसीय धरना, सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन; 16 वर्षों से लंबित मांगें पूरी करने की उठाई आवाज
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। लंबित मांगों के समाधान और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने वाराणसी के शास्त्री घाट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पिछले 16 वर्षों से लंबित मानव संसाधन नीति का निर्धारण, सभी संवर्गों के मानदेय में समान एवं सम्मानजनक वृद्धि तथा भविष्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाना शामिल है। इसके अलावा विभाग की ओर से भेजे गए विसंगतिपूर्ण मानदेय वृद्धि प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने और समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय वार्ता कराने की मांग की गई।
धरने में वीबी जीरामजी कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष एवं एपीओ संघ के वाराणसी मंडल अध्यक्ष दिलीप दूबे, एपीओ धर्मेंद्र सिंह और अरुण मौर्य शामिल रहे। इनके अलावा रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह, तकनीकी सहायक संघ के जिलाध्यक्ष रमेश भारती और कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के मुकेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग को सकारात्मक पहल करते हुए मांगों का जल्द समाधान करना चाहिए।




