रामनगर: पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर समाप्त कर ली जीवन लीला
वाराणसी (रामनगर)। सूजाबाद क्षेत्र में मंगलवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
सूजाबाद निवासी संजय कुमार साहनी की पत्नी शानू निषाद (25) का किसी बात को लेकर पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद संजय पड़ोस में चला गया। इसी दौरान शानू ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दुपट्टे के सहारे पंखे की कुंडी में फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद दोनों बच्चे ऋतिक (4) और शिवानी (5) पिता के पास पहुंचे और बताया कि मां ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया है। जब संजय घर लौटा और खिड़की से झांका तो पत्नी को फंदे से लटकता देख दंग रह गया। परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष से संपर्क किया जा रहा है।




