खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतगणना आज, तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा; सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
वाराणसी। खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की 27 अक्टूबर को प्रस्तावित मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 26 अक्टूबर को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, प्रवेश नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन स्तरों पर होगी सुरक्षा: मतगणना स्थल पर आउटर, इनर और आइसोलेशन कॉर्डन के तहत त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्थल के एक किलोमीटर के दायरे में निर्धारित बाहरी सुरक्षा घेरे में वैध प्रवेश पास और जांच के बाद ही अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश मिलेगा। प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी से जांच और सघन तलाशी की व्यवस्था रहेगी।
प्रतिबंधित वस्तुओं पर रोक: मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन, ज्वलनशील पदार्थ, हथियार, नशीले पदार्थ, स्याही वाली पेन, नुकीली वस्तुएं, पानी की बोतल, लाइटर और पान मसाला सहित प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी: सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और कंट्रोल रूम की मदद ली जाएगी। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, क्यूआरटी तथा राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्कता, आपसी समन्वय और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था पर भी जोर: मतगणना स्थल के आसपास यातायात सुचारु रखने, निर्धारित पार्किंग का पालन कराने और आमजन को असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। निरीक्षण एवं ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




