3 नवंबर को कथा समापन पर होगा विशाल भंडारा, स्वामी बालक देवाचार्य जी महाराज करेंगे कथा वाचन
रिपोर्ट: विवेक राय
दानगंज (वाराणसी)। चोलापुर क्षेत्र के गोला स्थित हनुमान जी मंदिर परिसर में बुधवार, 28 अक्टूबर से सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में स्वामी श्री बालक देवाचार्य जी महाराज अपने श्रीमुख से रामकथा का रसपान कराएंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी और इसका समापन 3 नवंबर को होगा।
कार्यक्रम में मिर्जापुर के एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह तथा अजगरा विधायक त्रिभुवन राम मुख्य यजमान के रूप में शामिल रहेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ‘बच्चा भइया’, मुख्य संयोजक देवेंद्र नाथ सिंह, मुख्य ट्रस्टी डॉ. श्याम प्रताप सिंह, विनोद कुमार सिंह और सह संयोजक अनिल सेठ सहित अन्य पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
श्रीराम कथा के समापन अवसर पर 3 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर भगवान श्रीराम की महिमा का श्रवण करने, आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने और भंडारे में सहभागिता करने की अपील की है।




