भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर बढ़ाया उत्साह, ग्रामीण क्षेत्र की बेटी की उपलब्धि पर जताया गर्व
रिपोर्ट: विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव स्थित भाजपा जिलाध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने सम्राट स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संरक्षण में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं प्रतिभाशाली एथलीट लाजो सरोज को सम्मानित किया।
लाजो ने राजस्थान के जयपुर में आयोजित इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता और जिले का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर जिलाध्यक्ष ने स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर बधाई दी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है, जो अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने लाजो के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।
समारोह में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, शशिप्रकाश सिंह, उमाशंकर पटेल, मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, अजय पटेल, ओमप्रकाश पटेल, प्रताप सोनकर, जतिन कुशवाहा, शिवधनी पटेल, ओपी पटेल, अमित पटेल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।




